कुमाऊँ

विदेश में सुनहरे भविष्य का सपना बना दर्दनाक हकीकत, पढ़िए पूरी खबर एक क्लिक पर…

पिथौरागढ़

 

 

विदेश जाकर अच्छी नौकरी, मोटी सैलरी और परिवार की आर्थिक हालत सुधारने का सपना, उत्तराखंड के हजारों युवाओं की आंखों में पलता है।

लेकिन जब यही सपना धोखे, शोषण और बेबसी में बदल जाए, तो जिंदगी नरक बन जाती है। पिथौरागढ़ के दो भाइयों की आपबीती ऐसी ही दर्दनाक कहानी बयां करती है, जिन्होंने लाखों का कर्ज लेकर रूस का रुख किया, लेकिन वहां उन्हें रोजगार नहीं, बल्कि जिल्लत, भूख और मजबूरी मिली।

पिथौरागढ़ के रहने वाले आनंद सिंह कार्की और उनके भाई भूपेंद्र सिंह कार्की बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर एजेंट के भरोसे रूस पहुंचे। परिवार ने बैंक से करीब 8 लाख रुपये का कर्ज लिया। एजेंट ने भरोसा दिलाया था कि नामी कंपनी में नौकरी मिलेगी, हर महीने 60 से 80 हजार रुपये वेतन मिलेगा और रहने-खाने की पूरी व्यवस्था होगी।
लेकिन रूस पहुंचते ही सारे वादे हवा हो गए। दोनों भाइयों का आरोप है कि उन्हें न कंपनी मिली, न हॉस्टल और न ही वह सुविधाएं, जिनका सपना दिखाया गया था। शुरुआती कई दिन उन्हें जंगलों में रहने को मजबूर किया गया। 17 दिनों तक एक ही जोड़ी कपड़ों में गुजारा करना पड़ा। खाने के नाम पर पूरे दिन सिर्फ एक पाव रोटी और एक अंडा दिया जाता था। पहले महीने 15 हजार रुपये दिए गये, जबकि दूसरे महीने की तनख्वाह तक नहीं दी गई। रोजगार की तलाश में गए इन युवाओं की जिंदगी वहां संघर्ष और अपमान में बदल गई।

सबसे बड़ी चिंता अब भारत लौटने के बाद बैंक के 8 लाख रुपये के कर्ज की है। दोनों भाई अपने परिवार का भविष्य संवारने निकले थे, लेकिन अब खुद का भविष्य अंधेरे में दिखाई दे रहा है। एजेंट भी अब फोन उठाना बंद कर चुका है और कोई मदद नहीं मिल रही।

यह कहानी सिर्फ दो भाइयों की नहीं, बल्कि उन तमाम युवाओं के लिए एक बड़ी चेतावनी है, जो विदेश में नौकरी के नाम पर एजेंटों के झांसे में आ जाते हैं। विदेश जाने से पहले एजेंसी की पूरी जांच-पड़ताल करें, सभी दस्तावेजों की पुष्टि करें और किसी भी लालच में अपनी जिंदगी और परिवार का भविष्य दांव पर न लगाएं। आखिर एक गलत फैसला, आपके सपनों को पलभर में बर्बाद कर सकता है।

आपका खबरिया प्रदेश तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या ख़बरों को प्रसारित करने हेतु हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

संपादक –

नाम: तारा चन्द्र जोशी
पता: तीनपानी, बरेली रोड, हल्द्वानी
दूरभाष: 9410971706
ईमेल: [email protected]

To Top