कुमाऊँ

(अजब गजब खबर) कोबरा ने डसा लेकिन युवक ने जो किया, उसे देखकर डॉक्टर भी रह गए दंग! जिंदा सांप के साथ पहुंच गया अस्पताल

रामनगर

 

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने डॉक्टरों से लेकर अस्पताल में मौजूद हर शख्स को हैरान कर दिया। एक युवक को जहरीले कोबरा सांप ने काट लिया, लेकिन घबराने या जान बचाने के लिए भागने की बजाय उसने पहले उसी कोबरा को सुरक्षित डिब्बे में बंद किया और फिर उसी को अपने हाथ में लेकर सरकारी अस्पताल पहुंच गया।
रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में जब युवक के हाथ में बंद डिब्बे के अंदर फुफकारता हुआ कोबरा देखा गया तो कुछ देर के लिए अस्पताल में अफरा-तफरी मच गयी। लोग यह देखकर दंग रह गए कि जिसे कुछ मिनट पहले कोबरा ने काटा था, वही शख्स उसे पकड़कर अस्पताल तक ले आया।
जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद निवासी अरुण कुमार पिछले चार-पांच वर्षों से रामनगर के बेड़ाझाल क्षेत्र में अपनी पत्नी के साथ किराए पर रहकर टाइल्स लगाने का काम करते हैं। इसके साथ ही वे जरूरत पड़ने पर लोगों के घरों में घुसे सांपों का रेस्क्यू भी करते हैं।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब पांच बजे गुबानपुर क्षेत्र के एक घर में कोबरा निकलने की सूचना मिली। अरुण मौके पर पहुंचे और सावधानी से सांप को पकड़ने लगे। जैसे ही उन्होंने उसे डिब्बे में बंद करने की कोशिश की, कोबरा ने उनकी हाथ की अंगुली में डस दिया।
हैरानी की बात यह रही कि कोबरा के काटने के बाद भी अरुण ने अपना धैर्य नहीं खोया। उन्होंने पहले सांप को सुरक्षित डिब्बे में बंद किया, ताकि वह किसी और को नुकसान न पहुंचा सके, और फिर उसी डिब्बे को साथ लेकर सीधे रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंच गए।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर और वहां मौजूद लोग युवक के हाथ में डब्बे में बंद कोबरा सांप देखकर हैरान रह गए। चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू किया और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अरुण कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह सांप निकलने की सूचना मिली थी। रेस्क्यू के दौरान कोबरा ने उनकी उंगली पर काट लिया, लेकिन उन्होंने पहले सांप को सुरक्षित किया और फिर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे।
रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि मरीज के हाथ की इंडेक्स फिंगर पर सांप के काटने के स्पष्ट निशान हैं। चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के अनुसार उसका इलाज किया जा रहा है और फिलहाल उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
रामनगर में यह अनोखा मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग कह रहे हैं कि शायद पहली बार उन्होंने ऐसा देखा, जब कोई व्यक्ति जिस जहरीले कोबरा के डसने का शिकार हुआ, उसी को अपने साथ लेकर इलाज कराने अस्पताल पहुंच गया।

जनता से अपील- यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो घरेलू उपचार या झाड़-फूंक में समय न गंवाएं। तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें। यदि सुरक्षित हो और बिना किसी जोखिम के संभव हो, तभी सांप की पहचान में मदद के लिए उसकी फोटो लें। सांप को पकड़ने या साथ ले जाने की कोशिश कभी न करें।

आपका खबरिया प्रदेश तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या ख़बरों को प्रसारित करने हेतु हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

संपादक –

नाम: तारा चन्द्र जोशी
पता: तीनपानी, बरेली रोड, हल्द्वानी
दूरभाष: 9410971706
ईमेल: [email protected]

To Top