कुमाऊँ

दुःखद- निर्माणाधीन टँकी में बनी जहरीली गैस, बुजुर्ग माँ और दो बेटों की मौत

हल्द्वानी

 

 

गौलापार क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घर में निर्माणाधीन पानी की टंकी के भीतर दम घुटने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक मां और उसके दो जवान बेटे शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बंद टंकी के भीतर जहरीली गैस बनने या ऑक्सीजन की कमी के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार गौलापार के मानपुर पश्चिम गांव निवासी सरस्वती देवी ने अपने घर में पानी की एक नई टंकी बनवाई थी। देर शाम टंकी की शटरिंग खोलने के लिए उनका बड़ा बेटा टंकी के अंदर उतरा। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। बताया जा रहा है कि टंकी के भीतर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस के प्रभाव से वह अचानक बेहोश हो गया।
अपने बेटे को बचाने के लिए मां सरस्वती देवी बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के टंकी के भीतर उतर गईं, लेकिन वह भी कुछ ही क्षणों में अचेत हो गईं। इसके बाद छोटे बेटे ने अपनी मां और बड़े भाई को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी उसी जहरीली गैस की चपेट में आ गया और टंकी के भीतर बेहोश होकर गिर पड़ा।

जब तीनों काफी देर तक बाहर नहीं निकले तो परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। एसडीएम हल्द्वानी मोनिका सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि बंद और नई बनी टंकियों, सेप्टिक टैंकों या अन्य संकरे स्थानों में उतरने से पहले गैस और ऑक्सीजन की जांच करना बेहद जरूरी होता है, क्योंकि ऐसी जगहों पर जहरीली गैस जानलेवा साबित हो सकती है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से गांव में शोक की लहर है।

आपका खबरिया प्रदेश तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या ख़बरों को प्रसारित करने हेतु हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

संपादक –

नाम: तारा चन्द्र जोशी
पता: तीनपानी, बरेली रोड, हल्द्वानी
दूरभाष: 9410971706
ईमेल: [email protected]

To Top