कुमाऊँ

(बड़ी खबर) उत्तराखंड में 09-10 जुलाई को भारी से अत्यंत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन को मुस्तैद रहने के निर्देश

देहरादून

 

 

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी दो दिनों तक मौसम का मिजाज बेहद खराब रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देहरादून ने 09 एवं 10 जुलाई, 2026 को प्रदेश के कई जनपदों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज बारिश के दौर का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र (एसईओसी) ने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने और आवश्यक एहतियाती कदम तत्काल लागू करने के निर्देश दिए हैं।
09 जुलाई का अलर्ट आईएमडी ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
10 जुलाई का अलर्ट 10 जुलाई को पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रशासन को दिए गए सख्त निर्देश

राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर तैनात रखने, सड़क मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मौसम संबंधी चेतावनी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

प्रदेशवासियों से अपील

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर भूस्खलन संभावित पर्वतीय क्षेत्रों में जाने से परहेज करें। नदी-नालों और बरसाती गधेरों के पास न जाएं तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही सभी संबंधित विभागों को 24×7 सतर्क रहने और आवश्यक संसाधन एवं मानवबल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आपका खबरिया प्रदेश तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या ख़बरों को प्रसारित करने हेतु हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

संपादक –

नाम: तारा चन्द्र जोशी
पता: तीनपानी, बरेली रोड, हल्द्वानी
दूरभाष: 9410971706
ईमेल: [email protected]

To Top