अल्मोड़ा

अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चायखान के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग लमगड़ा बाजार से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में चायखान के समीप वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।