देहरादून

उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने होम स्टे अनुदान योजना में भ्रष्टाचार के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जिला पर्यटन अधिकारी, देहरादून बृजेश पांडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल द्वारा जारी निलंबन आदेश के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
हाल ही में सोशल मीडिया पर होम स्टे अनुदान स्वीकृत करने के एवज में अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार से संबंधित एक सूचना वायरल हुई थी। मामले के सार्वजनिक होने के बाद पर्यटन विभाग ने तत्काल इसका संज्ञान लिया और आरोपों की सत्यता जानने के लिए प्रारंभिक जांच कराई।
प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने जिला पर्यटन अधिकारी बृजेश पांडे को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। विभाग का कहना है कि सरकारी योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
