नैनीताल

नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लॉक के गांवों में गुलदार की दस्तक से लोगों में खौफ का माहौल है। छीमी मटेला, बसगांव, सिमराड, कोटवा, सोकुली समेत अनेक गांवों में दिनदहाड़े गुलदार दिखने से स्थानीय लोग डरे सहमे हुए हैं। पिछले एक महीना के अंदर गुलदार ने छीमी मटेला गांव में गाय के एक बछड़े समेत चार कुत्तों को अपना निवाला बना लिया है। गांव के आसपास गुलदार की दहाड़ से लोग भयभीत हैं।
मटेला प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में तो गुलदार हर समय चहल कदमी करते दिखाई दे रहा है, जिस वजह से डर के मारे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। गांव में हर तरफ बड़ी-बड़ी झाड़ियों की वजह से गुलदार को छुपने के लिए पर्याप्त जगह मिल रही है, गुलदार तथा अन्य जंगली जानवर दिन दहाड़े लोगों के आंगन में घूमते नजर आ रहे हैं। गुलदार के भय से लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं। डरे सहमे लोग अपने जरूरी काम निपटा कर तीन चार बजे ही अपने घरों के अंदर कैद होने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फॉरेस्ट विभाग गांव के आसपास उगी बड़ी-बड़ी झाड़ियां को कटवाने के साथ साथ मटेला प्राथमिक विद्यालय में पिंजरा स्थापित करे जिससे उन्हें गुलदार के खतरे से निजात मिले, और लोग अपने आपको सुरक्षित महसूस कर सकें।
छीमी मटेला गांव के ग्राम प्रधान मदन सिंह छीमवाल से भी लोगों ने गुहार लगाई है कि वह वन विभाग को गुलदार के आतंक बारे में अवगत कराएं, जिससे लोगों को जान माल के नुकसान से बचाया जा सके।