हरिद्वार

हरिद्वार नगर निगम भूमि घोटाले की जांच में विजिलेंस ने बड़ा एक्शन लेते हुए गुरुवार को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में एक साथ छापेमारी की। जांच के तहत दिल्ली, लखनऊ, प्रयागराज और हरिद्वार सहित कुल 9 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, विजिलेंस की टीम ने इस कार्रवाई के दौरान एक आईएएस अधिकारी, अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़े परिसरों पर तलाशी ली। छापेमारी के दौरान टीम ने बड़ी संख्या में महत्वपूर्ण दस्तावेज, फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और डिजिटल रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई हरिद्वार नगर निगम से जुड़े चर्चित भूमि घोटाले की जांच के क्रम में की गई है। विजिलेंस अब बरामद दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच करेगी। जांच में यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, विजिलेंस की यह कार्रवाई कई घंटों तक चली और सभी स्थानों पर अलग-अलग टीमों ने एक साथ तलाशी अभियान चलाया, ताकि साक्ष्यों से किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो सके।
फिलहाल विजिलेंस ने बरामद दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड का विश्लेषण शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।