नारायणबगड़/ चमोली

चमोली जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ में एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर की जर्जर सुरक्षा दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना से पूरे स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर की बाउंड्री वॉल 25 जून को हुई भारी बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को उसकी मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान डॉ. नवीन डिमरी नाले और दीवार की मरम्मत का निरीक्षण कर रहे थे। तभी पहले से कमजोर हो चुकी दीवार अचानक ढह गई और वह मलबे में दब गए।
अस्पताल कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर उन्हें मलबे से बाहर निकाला। चिकित्सक डॉ. रिया धिलियाल ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि डॉ. नवीन डिमरी की नारायणबगड़ में हाल ही में तैनाती हुई थी। उनके असामयिक निधन से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में गहरा शोक है।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत चिकित्साधिकारी के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।