देहरादून
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची का ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। इस प्रक्रिया के दौरान प्रदेशभर में 8 लाख 26 हजार मतदाताओं के नाम प्रारंभिक सूची से हटाए गए हैं, जबकि ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 71,03,785 मतदाताओं को शामिल किया गया है।
निर्वाचन विभाग के अनुसार मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके, एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होने तथा अन्य निर्धारित कारणों के आधार पर नाम हटाए गए हैं।
अब ड्राफ्ट सूची प्रकाशित होने के बाद निर्धारित अवधि तक दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। इस दौरान पात्र नागरिक नए नाम जुड़वाने, त्रुटियों में सुधार कराने अथवा गलत तरीके से हटाए गए नामों को दोबारा शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

जिलेवार हटाए गए मतदाताओं की संख्या
देहरादून – 1,86,008
ऊधम सिंह नगर – 1,77,673
हरिद्वार – 1,30,203
नैनीताल – 71,810
अल्मोड़ा – 55,485
पौड़ी गढ़वाल – 51,359
टिहरी गढ़वाल – 43,625
पिथौरागढ़ – 27,436
चमोली – 23,436
उत्तरकाशी – 18,405
चंपावत – 17,718
बागेश्वर – 13,010
रुद्रप्रयाग – 10,809

निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से हट गया है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित निर्वाचन कार्यालय या ऑनलाइन माध्यम से दावा एवं आपत्ति दर्ज कर सकते हैं, ताकि अंतिम मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल किए जा सकें।