नैनीताल
प्रशासन की अपील – अफवाहों पर ध्यान न दें, कल अवकाश घोषित नहीं किया गया है
हल्द्वानी/नैनीताल। उत्तराखण्ड में लगातार हो रही बारिश के बीच सोशल मीडिया पर नैनीताल जिले में विद्यालयों में अवकाश घोषित किए जाने का एक फर्जी आदेश तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल पत्र को लेकर जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कल के लिए किसी भी प्रकार का अवकाश घोषित नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा आदेश पूरी तरह भ्रामक और फर्जी है।
मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने छुट्टी का फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया, जिससे अभिभावकों, विद्यार्थियों और स्कूल प्रबंधन के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि विद्यालयों में अवकाश घोषित किया जाएगा तो उसकी सूचना केवल जिला प्रशासन और आधिकारिक सरकारी माध्यमों से जारी की जाएगी। सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी अपुष्ट संदेश पर भरोसा न करें।
प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि फर्जी सरकारी आदेश तैयार करना, उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करना अथवा भ्रामक सूचना फैलाना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में आईटी एक्ट और अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस और साइबर सेल वायरल संदेशों की जांच कर रही है तथा फर्जी आदेश बनाने और प्रसारित करने वालों की पहचान की जा रही है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के आगे साझा न करें। केवल जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और सूचना विभाग के आधिकारिक आदेशों पर ही विश्वास करें।
प्रशासन की अपील
कल नैनीताल जिले में विद्यालयों की छुट्टी का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल आदेश फर्जी और भ्रामक है।
अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।
फर्जी आदेश बनाने और प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।