नैनीताल
जनपद नैनीताल में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 20 जुलाई के लिए नैनीताल जनपद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है।
जिला प्रशासन के अनुसार वर्तमान में जनपद के पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। इससे नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर तेजी से बढ़ने, तेज बहाव तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

इन संस्थानों में रहेगा अवकाश
कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी विद्यालय
अर्द्धशासकीय विद्यालय
निजी विद्यालय
सभी आंगनबाड़ी केंद्र।
जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज करें।