हल्द्वानी
हल्द्वानी शहर में शुक्रवार को दो युवकों के गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। जानकारी के अनुसार वेलेजली लॉज और राजपुरा क्षेत्र के युवकों के बीच पहले ठंडी सड़क पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में कई युवक घायल हो गए और एक-दूसरे के सिर फोड़ दिए।
घायलों को उपचार के लिए सोबन सिंह जीना (बेस) अस्पताल लाया गया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी दोनों गुटों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड के भीतर और बाहर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और खुलेआम मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों में दहशत फैल गई।
इस पूरी घटना का वीडियो अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। वहीं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें इमरजेंसी वार्ड के बाहर खुलेआम गुंडागर्दी और मारपीट होती दिखाई दे रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को किसी तरह शांत कराया। पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज, वायरल वीडियो और प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि इलाज के लिए सुरक्षित माने जाने वाले अस्पताल की इमरजेंसी तक यदि गुंडागर्दी पहुंच जाए, तो आम मरीज और उनके परिजन खुद को कितना सुरक्षित महसूस करेंगे? शहरवासी भी मांग कर रहे हैं कि अस्पताल परिसर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।