देहरादून
उत्तराखंड में मानसून का कहर जारी है। सोमवार को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र ने रेड अलर्ट जारी किया है।

लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों, गदेरों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका है। साथ ही कई क्षेत्रों में भूस्खलन, जलभराव और अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा भी बढ़ गया है।
मौसम विज्ञान विभाग के फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने राज्य के संवेदनशील क्षेत्रों के लिए अगले 24 घंटों के भीतर फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार लगातार बारिश से कई इलाकों की मिट्टी पूरी तरह संतृप्त हो चुकी है। ऐसे में अतिरिक्त वर्षा होने पर सतही जल प्रवाह तेज होगा, जिससे नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं भी बढ़ने की आशंका है।
रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार समेत 12 जिलों में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन, एसडीआरएफ और संबंधित राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।