चंपावत

उत्तराखंड के चंपावत जिले के लोहाघाट में एक सरकारी शिक्षक दंपती के बीच घरेलू विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि नई स्कूटी के इंडिकेटर टूटने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद शिक्षिका पत्नी ने अपने शिक्षक पति पर चाकू से हमला कर दिया। घायल शिक्षक का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, लोहाघाट के पाटन क्षेत्र निवासी सुंदर नाथ गोस्वामी सरकारी शिक्षक हैं। उनकी पत्नी भी एक सरकारी विद्यालय में शिक्षिका हैं। बताया जा रहा है कि शिक्षिका ने हाल ही में नई स्कूटी खरीदी थी। गुरुवार को पति बिना बताए स्कूटी लेकर बाजार चले गए। शाम को लौटने पर स्कूटी का इंडिकेटर टूटा हुआ मिला, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों को शांत कराया। लेकिन रात में विवाद फिर बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में पत्नी ने पति पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में शिक्षक के हाथ, गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में पड़ोसियों ने उन्हें पहले लोहाघाट उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
प्रभारी थानाध्यक्ष कुंदन बोहरा ने बताया कि घायल शिक्षक ने पत्नी के खिलाफ धारदार हथियार से हमला करने की तहरीर दी है। वहीं पत्नी ने भी पति पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच महिला एसआई को सौंपी गई है। दम्पत्ति का एक बच्चा भी है जो रिश्तेदार के घर में रहता है।