हल्द्वानी/रामनगर

लंबे समय तक नेशनल मीडिया में बेबाक पत्रकारिता करने वाले वरिष्ठ पत्रकार राहुल सिंह दरमवल ने पत्रकारिता को अलविदा कह दिया है। उनके इस फैसले के बाद उत्तराखंड के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
वरिष्ठ पत्रकार राहुल जो लंबे समय से आजतक और इंडिया टूडे जैसे नेशनल मीडिया संस्थानों से जुड़े हुए थे, उन्होंने अब स्वेच्छा से अपने पद से कार्यमुक्त होकर समाज सेवा की राह चुन ली है, वो साफ-सुथरी छवि, ईमानदार पत्रकारिता और सिस्टम को आईना दिखाने वाली रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते रहे हैं। कुमाऊं से लेकर पूरे उत्तराखंड में उन्होंने अपनी लेखनी से अलग पहचान बनाई है।
उनके पत्रकारिता छोड़ने के बाद अब यह चर्चा भी तेज हो गई है कि वह 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सक्रिय राजनीति में कदम रख सकते हैं। बताया जाता है कि उनका संपर्क बीजेपी कॉंग्रेस दोनों ही दलों के कई वरिष्ठ नेताओं से रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कुमाऊं क्षेत्र के रामनगर,भीमताल, कालाढूंगी, हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्रों में उनकी मजबूत पकड़ और युवाओं के बीच लोकप्रियता है। खासकर रामनगर क्षेत्र में उनकी सक्रियता हाल के दिनों में ज्यादा देखी जा रही है।
यही वजह है कि राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि अगर दरम्वाल राजनीति में आते हैं तो रामनगर विधानसभा सीट पर चुनावी समीकरण बदल सकते हैं। हालांकि अभी तक उन्होंने किसी भी राजनीतिक दल में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
लेकिन सवाल अब भी बरकरार है, क्या पत्रकारिता का यह चर्चित चेहरा 2027 में चुनावी मैदान में उतरकर राजनीति की नई पारी शुरू करेगा?