हल्द्वानी
हल्द्वानी में अमेज़न गोदाम में लगी भीषण आग और दो कर्मचारियों की मौत के बाद प्रशासन व फायर विभाग एक्शन मोड में आ गए हैं। इसी क्रम में शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में बरेली रोड क्षेत्र स्थित एक बड़े पेंट गोदाम पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार कुलदीप पांडेय, फायर विभाग के अधिकारी मिंदर पाल तथा विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।
प्रशासनिक जांच में सामने आया कि गोदाम में लगभग 9 लाख लीटर पेंट का भंडारण किया गया था और यह पिछले करीब एक वर्ष से बिना वैध फायर एनओसी के संचालित हो रहा था। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि गोदाम की फायर एनओसी अक्टूबर 2025 में ही समाप्त हो चुकी थी। फायर विभाग की ओर से समय-समय पर नोटिस जारी किए गए, लेकिन संचालकों द्वारा एनओसी का नवीनीकरण नहीं कराया गया।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि गोदाम में आग से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और कई आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। चूंकि यह गोदाम घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है, ऐसे में किसी भी संभावित हादसे की स्थिति में बड़ा नुकसान हो सकता था।
फायर विभाग, तहसील प्रशासन और विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने तत्काल प्रभाव से गोदाम को सील कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि शहर में संचालित सभी व्यावसायिक गोदामों, संस्थानों और भवनों की जांच की जाएगी। जिन प्रतिष्ठानों के पास वैध फायर एनओसी नहीं होगी या जो सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अमेज़न गोदाम हादसे के बाद प्रशासन की यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत है कि अब फायर सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।