कुमाऊँ

कैंची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, दर्शनों के लिए लगी लम्बी कतारें, डीएम, एसएसपी ने संभाला मोर्चा, देखिए Video…

नैनीताल

देखिए वीडियो

हल्द्वानी/कैंची धाम। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार तड़के से ही श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। आज प्रातः ठीक 05:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच बाबा नीब करौरी महाराज जी के पावन कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कपाट खुलने से कई घंटे पहले ही मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंचे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालु “जय गुरुदेव” तथा “बाबा नीब करौरी महाराज की जय” के जयघोष के साथ दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

मंदिर परिसर से लेकर मुख्य मार्गों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, पीएसी, ट्रैफिक पुलिस तथा स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए जगह-जगह सहायता केंद्र और दिशा-निर्देश व्यवस्था भी की गई है।
यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पूर्व निर्धारित ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने और शटल सेवाओं का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है। पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे।
एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि नैनीताल पुलिस सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुखद यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु धैर्य बनाए रखें, अपनी बारी का इंतजार करें तथा पुलिस और वॉलिंटियर्स द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें।
वहीं जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने बताया कि मेले की समस्त व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर स्तर पर व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालु लगातार कतारबद्ध होकर बाबा के दर्शन कर रहे हैं और प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
कैंची धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की यह अभूतपूर्व भीड़ एक बार फिर बाबा नीब करौरी महाराज के प्रति देश-दुनिया के लोगों की अटूट श्रद्धा और विश्वास को दर्शाती है। प्रशासन और पुलिस की सतर्क व्यवस्था के बीच श्रद्धालु शांतिपूर्वक बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

आपका खबरिया प्रदेश तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या ख़बरों को प्रसारित करने हेतु हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

संपादक –

नाम: तारा चन्द्र जोशी
पता: तीनपानी, बरेली रोड, हल्द्वानी
दूरभाष: 9410971706
ईमेल: [email protected]

To Top