कुमाऊँ

कैंची धाम मेले की तैयारियां तेज, प्रशासन और पुलिस ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

हल्द्वानी

 

 


हल्द्वानी। आगामी कैंची धाम मेले को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और एसपी सिटी मनोज कत्याल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (PWD), सिंचाई विभाग, जल संस्थान और जल निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने हल्द्वानी से काठगोदाम और कैंची धाम मार्ग पर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करते हुए सड़क चौड़ीकरण और अवरोध हटाने के कार्यों की समीक्षा की।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए ताकि मेले के दौरान यातायात प्रभावित न हो। साथ ही सड़क किनारे मौजूद अतिक्रमण, फड़ और ठेलों को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे मार्ग पूरी तरह साफ और सुरक्षित बनाया जा सके।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने कहा कि मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। पुलिस द्वारा संवेदनशील स्थानों की पहचान कर विशेष प्रबंधन की योजना तैयार की जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार काठगोदाम रेलवे स्टेशन से कैंची धाम तक शटल सेवा संचालित करने की भी तैयारी की जा रही है। इससे रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को सीधे कैंची धाम पहुंचने में सुविधा मिलेगी और निजी वाहनों का दबाव भी कम होगा।
प्रशासन का कहना है कि कैंची धाम मेले को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर लगातार तैयारियों की निगरानी की जा रही है। आने वाले दिनों में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

आपका खबरिया प्रदेश तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या ख़बरों को प्रसारित करने हेतु हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

संपादक –

नाम: तारा चन्द्र जोशी
पता: तीनपानी, बरेली रोड, हल्द्वानी
दूरभाष: 9410971706
ईमेल: [email protected]

To Top