हल्द्वानी

नैनीताल पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हल्द्वानी के तिकोनिया क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर में छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 युवतियों को रेस्क्यू करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि स्पा सेंटर संचालक मौके से फरार हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार शाम तिकोनिया स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स में संचालित “एम.जे. द लग्जरी स्पा सेंटर” पर छापा मारा।
पुलिस के अनुसार स्पा सेंटर में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में स्पा सेंटर के भीतर आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित होती पाई गईं।
यह सामान हुआ बरामद।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 16 इस्तेमालशुदा कंडोम, 4 सीलबंद कंडोम पैकेट, रिसेप्शन से 4,320 रुपये नकद तथा दो एंट्री रजिस्टर बरामद किए हैं।
6 युवतियों का रेस्क्यू
कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर से 6 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने सभी युवतियों की काउंसलिंग कर उन्हें वन स्टॉप सेंटर हल्द्वानी भेज दिया है।
4 आरोपी गिरफ्तार।
मामले में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में स्पा सेंटर की मैनेजर, एक वॉचर तथा दो अन्य शामिल हैं। वहीं स्पा संचालक राहुल जायसवाल को नामजद करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
इन धाराओं में मुकदमा दर्ज।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 6 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता द्वारा की जा रही है।
एसएसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि जनपद में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।