नैनीताल
ओल्ड लन्दन हाउस जलकर खाक, बुजुर्ग महिला जिंदा जली।
नैनीताल के मल्लिताल क्षेत्र में मोहनको चौक के पास ओल्ड लंदन हाउस के नाम से विख्यात एक बिल्डिंग में आग लग गई। आग में बिल्डिंग पूरी तरह से जलकर खाक हो गई और एक 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला जिंदा जल गई, जैसे ही लोगों ने आग की लपटें देखी लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते हुए नजर आए क्योंकि इस बिल्डिंग के आसपास घनी आबादी है और कई होटल और रेस्टोरेंट यहाँ बने हुए हैं।
घटना की सूचना जिला प्रशासन को दी गई मौके पर जिला प्रशासन की टीमों के साथ-साथ फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाया गया तब जाकर किसी तरह आग पर देर रात काबू पाया गया। जिस बिल्डिंग में आग लगी उसे ओल्ड लंदन हाउस के नाम से जाना जाता था इमारत लकड़ी की बनी हुई थी, और यह इमारत 1863 में अंग्रेजों ने बनाई थी। यहां पर अंग्रेज अधिकारी रुका करते थे। इस बिल्डिंग में इतिहासकार प्रोफेसर अजय रावत की दो बहने रहा करती थी जिनमें से एक बहन की मौत कोरोना कल में हो चुकी थी जबकि दूसरी बहन शांता बिष्ट जो 85 साल की थी वह अपने पुत्र के साथ रहती थी इस दुखद घटना में शांता बिष्ट की जिंदा जलने से मौत हो गई।
इस बिल्डिंग के आसपास कई रेस्टोरेंट भी थे और यह घनी आबादी के बीच बनी हुई थी जैसे ही आग लगने की घटना हुई लोग किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, बिल्डिंग में रह रहे अन्य लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई, आग पर काबू पाने के लिए अल्मोड़ा और उधम सिंह नगर समेत हल्द्वानी रामनगर और भीमताल से भी दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल,एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पा लिया।
एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी के मुताबिक रात 10:00 बजे आपदा कंट्रोल रूम पर आग लगने की सूचना मिली थी जिसके बाद तुरंत जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी और कई जगह से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को यहां पर बुलाया गया, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंची, फिलहाल आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।