हल्द्वानी

रानीबाग चित्रशिला घाट पर गार्गी नदी के किनारे मेयर गजराज बिष्ट द्वारा शुरू की गई महा आरती को एक साल पूरा होने जा रहा है, इस उपलक्ष्य में भव्य महाआरती और धार्मिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने लोगों से बड़ी संख्या में इस आयोजन में शामिल होने की अपील की। मेयर गजराज ने बताया कि एक वर्ष पूर्व विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मां गार्गी नदी किनारे संध्या आरती की शुरुआत की गई थी, जो लगातार संचालित हो रही है। इसी क्रम में आरती के एक वर्ष पूर्ण होने पर 5 जून को भव्य महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का भी माध्यम बनेगा कार्यक्रम के तहत शाम 6 बजे मां गार्गी माता की महाआरती होगी, इसके बाद हनुमान चालीसा का पाठ, भजन संध्या तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगरवासियों के सहयोग और श्रद्धा से इस आयोजन को भव्य बनाये जाने का प्रयास किया जा रहा है, उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।


