हल्द्वानी

हल्द्वानी पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को सेंट पॉल स्कूल, हल्द्वानी में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेल्फ रिलायंस इनिशिएटिव्स ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में किया गया, जिसमें विद्यालय प्रबंधन, समाजसेवियों और छात्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की अध्यक्षा तनुजा जोशी ने की। इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधिका ज़रीना मैम, विद्यालय प्रबंधक जीवन पॉल तथा वरिष्ठ समाज सेविका उषा मुकेश विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी होगी।
संस्था की अध्यक्षा तनुजा जोशी ने ऑनलाइन माध्यम से भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव का आधार बनते हैं और युवा पीढ़ी इस बदलाव की सबसे बड़ी ताकत है।
विद्यालय परिवार, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।