कुमाऊँ

दिल्ली से दोस्त की शादी में शामिल होने भीमताल आ रहा युवक रोडवेज बस में जहर खुरानी गिरोह का शिकार, बेहोश युवक को शीशमहल के पास रोडवेज बस से नीचे फेंका

हल्द्वानी

 

दिल्ली से दोस्त की शादी में शामिल होने भीमताल आ रहे गणाई गंगोली (बेरीनाग) निवासी पंकज पांडे जहरखुरानों का शिकार हो गए। बदमाशों ने न सिर्फ उनका मोबाइल और पर्स लूट लिया, बल्कि उनके फोन से करीब एक लाख रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी कर दिया। युवक शीशमहल क्षेत्र में बेहोशी की हालत में मिला।

जानकारी के अनुसार पंकज पांडे दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर क्षेत्र में रहते हैं और डिजिटल मार्केटिंग का काम करते हैं। वह सोमवार देर रात आनंद विहार से काठगोदाम डिपो की रोडवेज बस में सवार हुए थे। इसी दौरान रास्ते में जहरखुरानों ने उन्हें अपना निशाना बना लिया।मंगलवार सुबह करीब पांच बजे बस स्टाफ ने उसे शीशमहल क्षेत्र में उतार दिया। वहां वह अचेत अवस्था में मिला, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। कठघरिया निवासी हिमांशु कांडपाल ने बताया कि मंगलवार सुबह दिल्ली में रहने वाले उनके ससुर का फोन आया कि उनके बेटे पंकज के साथ कोई अनहोनी हो गई है। मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति को पंकज ने किसी तरह अपने पिता का मोबाइल नंबर बताया था। सूचना मिलने पर हिमांशु मौके पर पहुंचे तो पंकज बदहवास हालत में मिले। पंकज को तत्काल कुसुमखेड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में हल्का सुधार है। मामले की सूचना काठगोदाम थाना पुलिस को दे दी गई है और जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने बस कंडक्टर और ड्राइवर पर भी सख्त कारवाही करने की बात कही, क्योंकि उन्होंने पुलिस को खबर करने के बजाय युवक को बस से नीचे उतार दिया।

आपका खबरिया प्रदेश तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या ख़बरों को प्रसारित करने हेतु हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

संपादक –

नाम: तारा चन्द्र जोशी
पता: तीनपानी, बरेली रोड, हल्द्वानी
दूरभाष: 9410971706
ईमेल: [email protected]

To Top