हल्द्वानी

हल्द्वानी। शहर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। क्रियाशाला रोड और आईटीआई रोड किनारे लंबे समय से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन का बुलडोजर चला, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे बनी दर्जनों कच्ची व पक्की दुकानों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन के अनुसार आईटीआई के पास बनी कुछ दुकानों में अवैध रूप से शराब भी परोसी जा रही थी, जिसकी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण न हटाने पर यह सख्त कदम उठाया गया।
मौके पर मौजूद एमएनए परितोष वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने अतिक्रमणकारियों को कड़ी हिदायत दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि आम जनता को सुगम यातायात और सुरक्षित वातावरण मिल सके।