हल्द्वानी

उत्तराखंड के हल्द्वानी में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जहां मुखानी क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरियों का मामला सामने आया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी है। मुखानी थाना पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से करीब 9 लाख रुपये से अधिक की ज्वैलरी और नकदी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुंशी राम के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला है। चौंकाने वाली बात ये है कि आरोपी राज मिस्त्री का काम करता था और इसी बहाने घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने करीब 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तब जाकर पुलिस इस शातिर चोर तक पहुंच पाई। पूछताछ में आरोपी ने हिमाचल प्रदेश में हुई 9 बड़ी चोरियों को भी कबूल किया है। इस कार्रवाई के बाद हिमाचल पुलिस ने भी नैनीताल पुलिस का धन्यवाद किया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
