हल्द्वानी

जनपद नैनीताल में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों पर सख्त कार्रवाई करते हुए एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. जगदीश चन्द्रा तथा क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में 14 अप्रैल 2026 को कोतवाली हल्द्वानी और एसओजी की संयुक्त टीम ने भोटिया पड़ाव क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 221 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 66 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से 14,520 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय सिंह नेगी (35 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राम सिंह, निवासी ग्राम बैड़ा, थाना द्वाराहाट, जिला अल्मोड़ा (वर्तमान पता गंगा कॉलोनी, हल्द्वानी) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह स्मैक कहां से लाता था और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करता था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।