हल्द्वानी

हल्द्वानी में आईपीएल सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। शहर में लंबे समय से सक्रिय सट्टा गिरोह पर कार्रवाई करते हुए मुखानी पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त ऑपरेशन में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूरे मामले का खुलासा एसपी सिटी मनोज कत्याल ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवि गुप्ता, रोहित गुप्ता और मोहित प्रसाद के रूप में हुई है, जो हल्द्वानी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
एसपी सिटी ने बताया कि यह गैंग आईपीएल मैचों में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से सट्टा खिलाने का काम कर रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह प्रतिदिन करीब 7 से 8 लाख रुपये तक का सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अब तक यह गैंग लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये का सट्टा करा चुका है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, सट्टे का हिसाब-किताब लिखी हुई एक रजिस्टर और 51 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
बताया जा रहा है कि पुलिस को लंबे समय से इलाके में आईपीएल सट्टेबाजी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद मुखानी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से निगरानी शुरू की और पुख्ता सूचना मिलने पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब इस गिरोह के बैंक खातों, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि इस नेटवर्क से अन्य लोग भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और सट्टेबाजी के अवैध कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
