हल्द्वानी

नैनीताल में महिला पर्यटक से दुष्कर्म के प्रयास और लूटपाट के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा करते हुए मंजूनाथ टीसी (एसएसपी) ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया है।
पुलिस के अनुसार 5 मार्च की देर रात नैनीताल रोड पर पटवाडांगर के पास एक महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म का प्रयास और लूटपाट की घटना सामने आई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक दीपक बोरा पुत्र नन्दन सिंह बोरा, निवासी फतेहपुर, थाना मुखानी हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़ित महिला का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।
एसएसपी ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और गश्त बढ़ाई जा रही है, ताकि क्षेत्र में आने वाले पर्यटक सुरक्षित महसूस करें।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। वहीं इस घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने आम जनता और पर्यटकों से भी सतर्क रहने की अपील की है।