कुमाऊँ

(ब्रेकिंग न्यूज) रुद्रपुर में फर्जी डिग्री का बड़ा खेल उजागर, शिक्षिका बर्खास्त…

उधमसिंह नगर/रुद्रपुर 

 

शिक्षा विभाग में फर्जी प्रमाण-पत्रों का बड़ा मामला सामने आया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय इस्लामनगर प्रथम में तैनात शिक्षिका कीर्ति राना को टीईटी समेत अन्य शैक्षिक प्रमाण-पत्र फर्जी पाए जाने पर सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार कीर्ति राना की नियुक्ति वर्ष 2014 में हुई थी। विभाग द्वारा चलाए जा रहे प्रमाण-पत्र सत्यापन अभियान के दौरान उनके दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें टीईटी सहित अन्य प्रमाण-पत्रों में गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं। जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से शिक्षिका को सेवा से निष्कासित कर दिया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सरकारी नौकरी में फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्रवेश करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इधर उधमसिंह नगर जिले के जसपुर विकासखंड में भी शिक्षा विभाग की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने 9 मई को प्राथमिक विद्यालय बढ़ियोबाला का आकस्मिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक नरेंद्र कुमार विद्यालय अवधि में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए।
इतना ही नहीं, जांच में समग्र शिक्षा अभियान की धनराशि के दुरुपयोग का मामला भी सामने आया, जिसमें प्रधानाध्यापक की मिलीभगत होने की बात कही जा रही है। मामले को गंभीर मानते हुए सीईओ ने सहायक अध्यापक नरेंद्र कुमार का प्रशासनिक स्थानांतरण दौराहा राजकीय इंटर कॉलेज कर दिया है। वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक महबूब को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी ने साफ चेतावनी दी है कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार, फर्जीवाड़ा या अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।

आपका खबरिया प्रदेश तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या ख़बरों को प्रसारित करने हेतु हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

संपादक –

नाम: तारा चन्द्र जोशी
पता: तीनपानी, बरेली रोड, हल्द्वानी
दूरभाष: 9410971706
ईमेल: [email protected]

To Top