देहरादून/ मौसम अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट बदली है। राजधानी देहरादून समेत राज्य के 11 जिलों में अगले 3 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी के मुताबिक कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मसूरी, चकराता, केदारनाथ और बद्रीनाथ सहित पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के ऊंचाई वाले इलाकों में गरज-चमक के साथ तूफान की भी आशंका जताई गई है।
राज्य के कई हिस्सों में आसमान में काले बादल छा गए हैं, जिससे दिन में ही अंधेरे जैसे हालात बन गए। देहरादून में भी बारिश ने दस्तक दे दी है और तेज हवाओं का दौर जारी है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम केंद्र ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश की संभावना जताई है। खासकर पहाड़ी इलाकों में यात्रा कर रहे लोगों को बेहद सतर्क रहने की सलाह दी गई है। भूस्खलन, सड़क बाधित होने और अचानक मौसम खराब होने का खतरा बना हुआ है।
प्रशासन की अपील: स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करें।