कुमाऊँ

(ब्रेकिंग न्यूज) घास लेने जंगल गयी महिलाओं पर बाघ ने किया हमला, 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत

हल्द्वानी

 

लामाचौड़ के पीपल पोखरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। जंगल में घास लेने गई महिलाओं के समूह पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में 65 वर्षीय गंगा देवी पत्नी प्रेम गोस्वामी की मौत हो गई, जबकि साथ गई दो अन्य महिलाएं किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहीं।
प्रत्यक्षदर्शी हेमा जोशी के अनुसार, सुबह करीब 11:30 बजे गांव की महिलाएं रोज़ की तरह जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे बाघ ने अचानक गंगा देवी पर झपट्टा मार दिया। हमले की भयावहता से घबराई अन्य दो महिलाएं—जिनमें पुष्पा देवी भी शामिल थीं—चिल्लाते हुए गांव की ओर भागीं और लोगों को घटना की जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि पुष्पा देवी और मृतका गंगा देवी सास-बहू हैं। सास को बाघ के जबड़े में जाते देख बहू का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों का समूह जंगल की ओर दौड़ा, लेकिन तब तक बाघ गंगा देवी को जंगल के अंदर गहराई में ले जा चुका था। बाद में तलाश करने पर महिला का शव जंगल के भीतर बरामद हुआ।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से बाघ की सक्रियता देखी जा रही थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से खतरा बढ़ता जा रहा था। अब लोगों ने वन विभाग से बाघ को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर बाघ की तलाश में जुट गई है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को फिलहाल जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।
एक ओर जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं इस घटना ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। रोज़मर्रा की जरूरतों के लिए जंगल जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा अब बड़ा सवाल बन गई है।

आपका खबरिया प्रदेश तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या ख़बरों को प्रसारित करने हेतु हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

संपादक –

नाम: तारा चन्द्र जोशी
पता: तीनपानी, बरेली रोड, हल्द्वानी
दूरभाष: 9410971706
ईमेल: [email protected]

To Top