देहरादून/हल्द्वानी
ग्राम जवाहर ज्योति, दमुवाढूंगा में रिकॉर्ड ऑपरेशन पुनः प्रारम्भ – शासन ने जारी की धारा-48 की अधिसूचना
मुख्यमंत्री, उत्तराखंड के निर्देशन में ग्राम जवाहर ज्योति, दमुवाढूंगा, तहसील हल्द्वानी, जिला नैनीताल में वर्ष 2020 में व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण समाप्त की गई रिकॉर्ड ऑपरेशन की कार्यवाही को पुनर्जीवित कर दिया गया है। शासन ने 21 अगस्त 2025 को उत्तर प्रदेश भू-राजस्व अधिनियम, 1901 की धारा-48 के अंतर्गत अधिसूचना जारी कर इस कार्यवाही को औपचारिक रूप से प्रारम्भ कर दिया है।
पूर्व में यह कार्य क्षेत्र में अधिक आबादी के कारण मैनुअल विधि/चैन पद्धति से भू-सर्वेक्षण की असंभवता के कारण रोक दिया गया था। अब इस कार्य को पूरा करने के लिए राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत उन्नत तकनीकों जैसे:Differential Global Positioning System (DGPS), CORS Station, Electronic Total Station (ETS), Digital Leveling Machine ,Drone या Airborne आधारित ROR सर्वे
का उपयोग किया जाएगा। इन तकनीकों से तैयार मानचित्र के आधार पर बंदोबस्ती विभाग द्वारा ग्राम के अभिलेख तैयार किए जाएंगे।जिलाधिकारी, नैनीताल द्वारा 29 अप्रैल 2025 को शासन को भेजे गए प्रस्ताव में यह उल्लेख किया गया था कि इस क्षेत्र के निवासियों को भूमिक अधिकार उपलब्ध कराने और रिक्त भूमि को शासकीय प्रयोजन हेतु उपयोग करने के लिए सर्वेक्षण एवं अभिलेख क्रियाएं आवश्यक हैं। इस प्रस्ताव पर शासन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों पर मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 484/2024 के अंतर्गत यह कार्य अनुमोदित किया। इसके बाद राजस्व परिषद, उत्तराखंड ने 29 अप्रैल 2025 को अधिसूचना हेतु अभिलेख मांगे थे, जिन्हें जिलाधिकारी नैनीताल ने 28 जून 2025 को उपलब्ध करा दिया था। अधिसूचना जारी होने के साथ ही शीघ्र ही सर्वेक्षण और रिकॉर्ड ऑपरेशन की वास्तविक प्रक्रिया प्रारम्भ होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र के निवासियों को भूमि स्वामित्व के कानूनी अधिकार मिलेंगे और शासकीय योजनाओं के लिए भूमि का सुव्यवस्थित उपयोग संभव हो सकेगा।