कुमाऊँ

(बड़ी खबर) विदेश भेजने के नाम पर ठगी, उत्तराखंड में 14 फर्जी एजेंट बेनकाब, विदेश मंत्रालय की बड़ी कार्रवाही से हड़कंप, STF जांच में जुटी।

उत्तराखंड/देहरादून

 

विदेश में नौकरी और सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर युवाओं से करोड़ों की ठगी करने वाले फर्जी एजेंटों और कंपनियों पर अब विदेश मंत्रालय ने बड़ा शिकंजा कस दिया है। उत्तराखंड से संचालित हो रही 14 संदिग्ध एजेंसियों और एजेंटों को विदेश मंत्रालय ने ब्लैकलिस्ट करते हुए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर फर्जी घोषित कर दिया है।
इन एजेंसियों पर आरोप है कि इन्होंने बेरोजगार युवाओं को कनाडा, दुबई, कतर, सऊदी अरब और अन्य देशों में मोटी सैलरी वाली नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठे। कई पीड़ितों से पासपोर्ट, वीजा और टिकट के नाम पर मोटी रकम वसूली गई, लेकिन न नौकरी मिली और न पैसा वापस हुआ। इतना ही नहीं, कुछ लोग विदेश पहुंचने के बाद वहां फंस गए और बेहद खराब परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।
लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए विदेश मंत्रालय ने उत्तराखंड की 14 एजेंसियों और एजेंटों को चिन्हित कर फर्जी घोषित किया है। इस कार्रवाई के बाद उत्तराखंड एसटीएफ भी हरकत में आ गई है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने कहा है कि पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, ये एजेंट सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी विज्ञापनों के जरिए युवाओं को निशाना बनाते थे। कई मामलों में लोगों से इंटरव्यू, मेडिकल और वर्क परमिट के नाम पर भी रकम वसूली गई।


विदेश मंत्रालय द्वारा चिन्हित एजेंसियां और एजेंट :
1- इनफीवे इमीग्रेशन आईलेट्स, काशीपुर
2- अब्रॉड जॉब वाला, आवास विकास, रुद्रपुर
3- गैलेक्सी ओवरसीज, गाबा चौक, रुद्रपुर
4- केजी एंटरप्राइज, रामनगर, रुड़की
5- गुड्डू (निवासी उत्तराखंड)
6- फारूक (निवासी उत्तराखंड)
7- सब्बू (निवासी उत्तराखंड)
8- शशि प्रिटोरियस, देहरादून
9- जखीर और हकुम, लक्सर हरिद्वार
10- साजिद अली, उत्तराखंड
11- विमरो इंटरनेशनल, श्यामपुर बाईपास, ऋषिकेश
12- जीबीसी सॉल्यूशंस, राजपुर रोड, देहरादून
13- एजेंट दानिश, शाहरुख और सैफ, शिवलालपुर रामनगर
14- फास्ट ट्रैक ओवरसीज इंडिया, कांवली रोड, बल्लीवाला चौक, देहरादून।


प्रशासन और विदेश मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी के नाम पर किसी भी एजेंट या कंपनी को पैसा देने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें। केवल अधिकृत और पंजीकृत एजेंसियों के माध्यम से ही प्रक्रिया पूरी करें, वरना आपका सपना भी ठगी के जाल में फंस सकता है।

आपका खबरिया प्रदेश तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या ख़बरों को प्रसारित करने हेतु हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

संपादक –

नाम: तारा चन्द्र जोशी
पता: तीनपानी, बरेली रोड, हल्द्वानी
दूरभाष: 9410971706
ईमेल: [email protected]

To Top