मुरादाबाद

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में मूंढापांडे थाना क्षेत्र के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। इस भीषण भिड़ंत में कार सवार हल्द्वानी निवासी चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
घटना मूंढापांडे क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास की है। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी पांचों दोस्त रामपुर की दिशा से आ रहे थे। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से में बेहद मजबूती से जा धंसी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहल गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मृतक कार के भीतर ही फंस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी को तत्काल मूंढापांडे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया।
मृतक और घायल की पहचान
सीओ हाईवे राजेश कुमार के अनुसार, सभी मृतक उत्तराखंड के हल्द्वानी के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान,
अनिल नेगी 38 वर्ष
सुंदर सैनी 42 वर्ष
भुवन भंडारी 37 वर्ष
दयाल रावत
गंभीर रूप से घायल चालक यशदीप पांडे को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
ट्रैक्टर चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना भेज दी है, जिसके बाद से हल्द्वानी में शोक की लहर दौड़ गई है।