हल्द्वानी

हल्द्वानी के भुजियाघाट क्षेत्र से एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई है। भुजिया घाट के एक गधेरे में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान पास में मिले आधार कार्ड से नवीन चंद गुणवंत पुत्र गोविंद बल्लभ, निवासी बंदर जुड़ा बेड़ा पोखरा रामनगर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि नवीन चंद गुणवंत बवलगढ़ कोटाबाग डाकघर में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत थे। परिवार में खुशियों का माहौल था क्योंकि उनकी बेटी भावना की शादी 21 अप्रैल को तय थी। शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं और नवीन शादी के कार्ड बांटने के लिए अपने गांव सुयालवाड़ी जा रहे थे। लेकिन किसी को क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि भुजियाघाट के पास करीब 20 मीटर गहरे पुल के नीचे गधेरे में एक व्यक्ति डूबा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों और जल पुलिसकर्मी प्रताप गढ़िया की मदद से रस्सी के सहारे शव को बाहर निकाला। शव के पास से एक काले रंग का बैग भी बरामद हुआ, जिसमें आधार कार्ड, शादी के कार्ड (भावना संग कमलेश) और अन्य जरूरी दस्तावेज मिले।
परिजनों ने बताया कि नवीन घर से कार्ड बांटने के लिए निकले थे। रात में उन्होंने घर फोन कर बताया था कि वह भवाली में किसी रिश्तेदार के यहां रुक गए हैं। इसके बाद अगले दिन उनका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आने लगा। फिर पुलिस से सूचना मिली कि भुजियाघाट क्षेत्र में उनका शव बरामद हुआ है।
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर सुयालवाड़ी जाने निकले नवीन का भुजियाघाट गधेरे तक पहुंचना कैसे हुआ? उनका मोबाइल अब तक नहीं मिला है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस मोबाइल की तलाश कर रही है और हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
इधर, बेटी की शादी से पहले पिता की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव, परिवार और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। जहां कुछ दिन बाद शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब सन्नाटा और आंसू हैं।