हरिद्वार

जमालपुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना से पहले युवक ने एक युवती के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल छीन लिया था, और जान से मारने की धमकी दी थी। सूचना पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की तो इंडियन गैस प्लांट बहादराबाद के पास खाली मैदान में युवक का शव बरामद हुआ, उसने अपनी ही पिस्टल से कनपटी पर गोली मार ली थी।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 बजे युवती ने घटना की सूचना दी थी। मौके से एक तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और कुछ नकदी भी बरामद हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उसने ऐसा क्यों किया इसकी जांच की जा रही है।