नैनीताल

जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार को कलेक्ट्रेट पार्किंग में खड़ी एक कार के अंदर अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पार्किंग में गोली चलने की आवाज सुनते ही लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक अधिवक्ता सिर में गोली लगने से निढाल हो चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कार के अंदर से एक सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुसाइड नोट में उन्होंने अपनी बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात लिखी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की गहराई से जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। यह घटना न सिर्फ एक परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में छोड़ गई है।

