कुमाऊँ

मोबाइल लूटकर, गूगल पे से हजार रुपये उड़ाने वाले दो शातिर गिरफ्तार

हल्द्वानी

 

नैनीताल जिले के मंगलपड़ाव क्षेत्र में हुए मोबाइल लूट कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लूटा गया मोबाइल इस्तेमाल कर पीड़ित के खाते से गूगल पे के माध्यम से ₹42 हजार निकालने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन और ₹26 हजार नकद भी बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 को हरेन्द्र सिंह पुत्र नकौल सिंह, निवासी टीमर बड़ौन, खनस्यू (जनपद नैनीताल) ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 9 मार्च 2026 को अज्ञात युवकों ने उनका मोबाइल फोन लूट लिया था, और लूटे गए मोबाइल का इस्तेमाल कर पीड़ित के गूगल पे अकाउंट से ₹42,000 रुपये भी निकाल लिए।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 87/26 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।  पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन और ₹26,000 नकद बरामद किए।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी कर दी है।

पुलिस ने जिन दो युवकों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार है—
अरुण सोलंकी (19 वर्ष) पुत्र आदेश सोलंकी, निवासी एयरफोर्स गेट, नैनीताल रोड, थाना इज्जतनगर, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश)
सचिन सोलंकी (20 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र सोलंकी, निवासी मुख्य बाजार, सर्प गांव मार्ग, थाना सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल लूट या चोरी के मामलों में अक्सर अपराधी मोबाइल में मौजूद डिजिटल पेमेंट ऐप का दुरुपयोग कर खाते से पैसे निकालने की कोशिश करते हैं। ऐसे मामलों में तुरंत मोबाइल और बैंक खातों को ब्लॉक कराना बेहद जरूरी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल लूट या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें और संबंधित बैंक व पेमेंट ऐप को भी तुरंत ब्लॉक कराएं।

आपका खबरिया प्रदेश तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या ख़बरों को प्रसारित करने हेतु हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

संपादक –

नाम: तारा चन्द्र जोशी
पता: तीनपानी, बरेली रोड, हल्द्वानी
दूरभाष: 9410971706
ईमेल: [email protected]

To Top