हल्द्वानी


शिवरात्रि के पावन अवसर पर छोटा कैलाश में लगने वाले मेले की तैयारियों को लेकर काठगोदाम सर्किट हाउस में बुलाई गई बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक के दौरान भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा बेहद नाराज़ नजर आए और उन्होंने मंदिर समितियों व संबंधित अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई।
दरअसल, शिवरात्रि मेले की व्यवस्थाओं को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में जब तैयारियों पर सवाल उठे, तो विधायक राम सिंह कैड़ा ने दो टूक शब्दों में मंदिर समितियों से जवाब मांगा। सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर जब संतोषजनक उत्तर नहीं मिला, तो विधायक कैड़ा बैठक छोड़कर जाने लगे।
विधायक का गुस्सा इस कदर था कि उन्होंने साफ कहा—
“श्रद्धालुओं की आस्था से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
हालांकि, मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और विधायक को रोककर स्थिति को संभालने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि अधिकारियों के आश्वासन के बाद बैठक दोबारा आगे बढ़ी और व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

